डीएम की मौजूदगी में दिया गया मतगणना का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
डीएम की मौजूदगी में दिया गया मतगणना का प्रशिक्षण


फर्रुखाबाद, 19 अप्रैल( हि.स.)। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के सफल संचालन हेतु रविवार को मेजर एस.डी. यूनिवर्सिटी, भोजपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सर्वेक्षण प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों के सही एवं सावधानीपूर्वक संधारण, शुद्ध एवं विश्वसनीय आंकड़ा संकलन तथा समस्त सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि एकत्रित किए जाने वाले आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में भी अवगत कराया गया। साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने एवं निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर एवं गणनाकर्मी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आईटीआई अमृतपुर व रस्तोगी इंटर कालेज फर्रूखाबाद में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story