प्रदूषण जांच केंद्रों का एमवीआई ने किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
प्रदूषण जांच केंद्रों का एमवीआई ने किया औचक निरीक्षण


बाराबंकी, 28 नवंबर (हि.स.)। बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने और वाहनों की प्रदूषण जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित प्रदूषण जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अमिताभ राय के नेतृत्व में मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) बलवंत सिंह यादव ने कई प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जांच मशीनों की कार्यप्रणाली, सॉफ्टवेयर अपडेट, कैलिब्रेशन प्रमाण-पत्र और जारी किए जा रहे प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) के अभिलेखों की गहनता से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे डेटा की भी पड़ताल की गई। इसके साथ ही धुआं जांचने वाली मशीनों और वेबकैम की स्थिति का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया कि वाहनों की वास्तविक जांच के बाद ही प्रदूषण प्रमाण-पत्र जारी किए जा रहे हैं।

मोटरयान निरीक्षक ने केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि बिना वाहन की भौतिक जांच किए अथवा गलत तरीके से पीयूसी प्रमाण-पत्र जारी न करें। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित केंद्र का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्रों पर शासन द्वारा निर्धारित शुल्क की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुछ केंद्रों पर मामूली खामियां मिलने पर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई और निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से प्रदूषण जांच केंद्र संचालकों में सतर्कता देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story