पीयू की सांस्कृतिक संध्या में सुर, ताल और नृत्य ने बांधा समां विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को मंच देने का संकल्प: कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
पीयू की सांस्कृतिक संध्या में सुर, ताल और नृत्य ने बांधा समां विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को मंच देने का संकल्प: कुलपति


जौनपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में रविवार शाम आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने गायन, वादन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नवरात्र के प्रथम दिन आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत देवी गीत से हुई, जिससे परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी सुनील कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी साेमवार काे पत्रकाराें से साझा की है।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एकल एवं सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विश्वास ने ‘तू ही मुझको बता दे’ और ‘चाहूं मैं या ना’ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। अर्जुन के गिटार वादन और अनुष्का के घूमर नृत्य को भी खूब सराहना मिली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में असीम संभावनाएं और कलात्मक प्रतिभा है। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि संगीत, साहित्य, नृत्य और लोक संस्कृति विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारते हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर करता रहेगा।

सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह की प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने म्यूजिक एल्बम के चर्चित गीत सुनाकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी। टीडी कॉलेज के संगीत शिक्षक डॉ. नरेंद्र पाठक ने भी गीतों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख और छात्रा ईश्विका सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. अविनाश, प्रो. प्रमोद कुमार यादव, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. मनोज मिश्र, डॉ. अन्नू त्यागी, रजनीश सिंह और डॉ. कृष्णा सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759482 Articles

Share this story