सीएसए में 20 जुलाई से शुरू होगा मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण : डॉ. मुकेश श्रीवास्तव
कानपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण युवाओं और किसानों के लिए स्वरोजगार का बेहतर माध्यम साबित हो सकता है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों के साथ व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी। यह बातें शनिवार काे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के पादप रोग विज्ञान विभाग के अध्यक्ष एवं नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने कहीं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में मशरूम उत्पादन तकनीक पर छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 से 25 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में किसान, छात्र और मशरूम की खेती या उससे जुड़े व्यवसाय में रुचि रखने वाले लोग भाग ले सकेंगे।
डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान ऑयस्टर, बटन और मिल्की मशरूम की खेती की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन के विभिन्न चरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया जाएगा, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद स्वयं इसका व्यवसाय शुरू कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए 1500 रुपये का पंजीकरण शुल्क, आधार कार्ड की प्रति तथा एक पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करना होगा। बाहर से आने वाले प्रशिक्षणार्थियों के ठहरने की व्यवस्था विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध रहेगी, हालांकि उसका खर्च प्रतिभागियों को स्वयं वहन करना होगा।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए 9839818899 और 8218483463 पर संपर्क कर सकते हैं। देशभर के इच्छुक युवक-युवतियां इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

