जौनपुर जिला कारागार में हत्या के दोषी कैदी की मौत, मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर जिला कारागार में हत्या के दोषी कैदी की मौत, मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश


जौनपुर,29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला कारागार में हत्या के मामले में सजा काट रहे एक कैदी की बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद नियमानुसार मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं।

मृतक दया राम यादव(85) निवासी असरफगढ़, थाना खुटहन निवासी है। वह हत्या के एक मामले में दोषसिद्ध होने के बाद पिछले लगभग चार वर्षों से जिला कारागार में निरुद्ध था।

जेल प्रशासन के अनुसार, बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे कैदी दयाराम यादव ने सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शाम करीब चार बजे उनकी मृत्यु हो गई।

जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि कैदी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर बिना विलंब के उसे अस्पताल भेजा गया था। चिकित्सकों के सभी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जेल में बंद कैदी की मृत्यु होने के कारण नियमानुसार मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story