आलम हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
आलम हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


बाराबंकी, 15 मई (हि.स.)। बाराबंकी के थाना जैदपुर क्षेत्र में चर्चित आलम हत्याकांड का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि स्वाट, सर्विलांस और जैदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को चंदौली नहर के पास से राकेश कुमार गुप्ता, उसके पुत्र विकास गुप्ता और आकाश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, प्लास, गमछा, मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि 9 मई 2026 को मृतक मोहम्मद आलम की पत्नी शमा परवीन ने हत्या की तहरीर दी थी। जांच के दौरान डिजिटल डेटा और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर घटना का खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि जमीन बिक्री के कमीशन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में राकेश और उसके पुत्र विकास ने आलम के सिर पर हथौड़े से वार किया और बाद में गमछे से गला कसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मृतक की ही मोटरसाइकिल से ग्राम टेरा के पास खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपिताें को न्यायालय भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story