सुलतानपुर : हत्यारोपित चचेरा भाई गिरफ्तार, गया जेल

WhatsApp Channel Join Now
सुलतानपुर : हत्यारोपित चचेरा भाई गिरफ्तार, गया जेल


सुलतानपुर, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बंधुआकला थाना क्षेत्र के मनियारी गांव में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपित चचेरे भाई को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2026 को वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपित ने उनके 65 वर्षीय पिता शाहिद हुसैन के साथ बकरी चराने के विवाद में गाली-गलौज की और उनके पेट में गोली मार दी , घायल शाहिद हुसैन को इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि बंधुआकला पुलिस ने आरोपित सहरू हुसैन (40) पुत्र नजरू हुसैन को गिरफ्तार किया। आरोपित को मनियारी गांव के लंगड़ी नहर पुलिया के किनारे झाड़ियों के पास से पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा .32 बोर का कारतूस बरामद किया गया। बताया कि आराेपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story