मुरादगंज ओवरब्रिज के नीचे दो बाइकों की भिड़ंत, युवक की मौत, चचेरी बहन गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
मुरादगंज ओवरब्रिज के नीचे दो बाइकों की भिड़ंत, युवक की मौत, चचेरी बहन गंभीर


औरैया, 12 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज ओवरब्रिज के नीचे सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मोहित सिंह (18) की मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन प्रियांशु (21) गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने दूसरी बाइक सवारों में से एक युवक को हिरासत में लिया है।

औरैया कोतवाली क्षेत्र के बाकरपुर बोहरा गांव निवासी मोहित सिंह पुत्र राजीव सिंह सोमवार दोपहर करीब सवा दो बजे अपनी चचेरी बहन प्रियांशु पुत्री शैलेंद्र सिंह के साथ बाइक से दवा लेने मुरादगंज जा रहा था। ओवरब्रिज के नीचे सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवती का उपचार जारी है। बताया जाता है कि मोहित अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार दो युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इनमें से एक युवक को पकड़ लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759787 Articles

Share this story