मुरादाबाद में लगातार पांचवें दिन नहीं दिखे सूर्य देव, ठंड का प्रकोप जारी
मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज
मुरादाबाद, 03 जनवरी (हि.स.)। मुरादाबाद में लगातार पांचवें दिन शनिवार को लगातार सूरज न निकलने से ठंड का प्रकोप जारी है। शीतलहर से बचने के लिए लोगों ने घरों में रहकर भी रुम हीटर, अंगेठी और आग का सहारा लिया। बच्चे घरों में कैद रहे और सड़कों व बाजारों में सन्नाटा छाया रहा श। राजकीय इंटर कॉलेज में बनी प्रयोगशाला के अनुसार आज मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मुरादाबाद का अधिकतम तापमान एक डिग्री घटने के बाद 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को भी मुरादाबाद में सूर्यदेव नजर नहीं आए थे।
मुरादाबाद में शनिवार को तड़के से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और शीतलहर चल रही थी। सुबह से ही सूरज नहीं निकलने के आसार दिखाई दे गए थे। ठंड का प्रकोप बढ़ने से लोग घरों में कैद रहे और रूम हीटर, ब्लोअर, अंगीठी का सहारा लिया। वहीं चौराहों, फुटपाथों पर लोग आग जलाकर तापते नजर आए। मौसम विशेषज्ञ प्रो. एके सिंह ने बताया कि रविवार को भी मुरादाबाद में बादल छाए रहेंगे और सूरज नहीं दिखेगा, अब सोमवार को ही सूर्यदेव निकल सकते हैं। जनपद का न्यूनतम और अधिकतम पारा एक-एक डिग्री और नीचे आ सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

