अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ गरजा नगर निगम का बुलडोजर, ध्वस्त किए गए 35 पक्के निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ गरजा नगर निगम का बुलडोजर, ध्वस्त किए गए 35 पक्के निर्माण


कानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी है। सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय की अगुवाई में सीसामऊ नालों के ऊपर किए गए अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण को हटाते हुए बजरिया थाना से बकरमंडी ढाल से बजरिया चौराहा तक अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत 35 पक्के निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

साथ ही अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा गया कि दोबारा कब्जा करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

करीब 15 दिन पहले नगर निगम की ओर से अवैध अतिक्रमणकारियों को हिदायत देने के बाद अब नगर निगम दस्ता में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचा। इस अभियान के दौरान नगर निगम टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल और बुलडोजर मौजूद रहा। हालांकि नगर निगम टीम को देखकर अतिक्रमणकारियों ने घरों का सामान निकालना शुरू कर दिया। तो वहीं कुछ लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध करना चाहा लेकिन उन्हें खदेड़ा गया।

अतिक्रमण अभियान के तहत लगभग 35 पक्के निर्माण, 15 टीन शेड, 29 गुमटी, आठ पक्के टट्टर, 30 टट्टर, 15 तिरपाल, पांच बिरयानी की दुकानें तथा 80 बैनर, 600 झण्डे, आठ होर्डिंग, 350 कट आउट के साथ ही 20 मेज/कुर्सी तथा अन्य सामान को भी जब्त किया गया। फुटपाथ एवं नालों के ऊपर किये गये स्थाई/अस्थाई कब्जे को ध्वस्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story