कुएं की सफाई के दौरान गिरने से नगर निगम कर्मचारी की मौत
प्रयागराज, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करेली थाना क्षेत्र के करेला बाद मोहल्ले में सोमवार को पम्प के कुएं की सफाई के दौरान गिरने से नगर निगम के एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार करेला बाग क्षेत्र में स्थित एक पम्प के कुएं की सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सफाई करते समय नगर निगम कर्मचारी अचानक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मृतक की पहचान औरंगजेब (59) पुत्र स्व. जलील खान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गाजीपुर जिले के जमनिया थाना क्षेत्र के देवथा गांव का निवासी था और नगर निगम में कार्यरत था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

