छठ पूजा स्थलों पर लगेंगी हाईमास्ट लाइटें : अर्पित उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
छठ पूजा स्थलों पर लगेंगी हाईमास्ट लाइटें : अर्पित उपाध्याय


कानपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, प्रकाश और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएंगी। पनकी-कल्याणपुर नहर में जमा गंदगी को 24 घंटे के भीतर साफ कराने और दोनों पूजा स्थलों पर दो-दो हाईमास्ट लाइट लगाई जाए। यह निर्देश मंगलवार को छठ पूजा स्थलों और दीपावली के बाद शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने दियें।

पनकी-कल्याणपुर स्थित नहर किनारे छठ पूजा स्थल के निरीक्षण के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी और क्षेत्रीय पार्षद रामनारायण ने व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए नहर के दूसरी ओर नई सीढ़ियां बनवाने का प्रस्ताव रखा। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सीढ़ियों के निर्माण की पत्रावली तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि छठ पूजा के बाद निर्माण कराया जा सके। नहर में पानी बंद होने के बाद तलहटी और दोनों किनारों पर गंदगी मिलने पर जेसीबी और टीएमएक्स-20 मशीनों से 24 घंटे के भीतर सफाई कराने को कहा। रात में पूजा के आयोजन को देखते हुए यहां दो हाईमास्ट लाइट (ऊंचे खंभों पर लगाई जाने वाली तेज रोशनी वाली लाइटें) लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद सीटीआई नहर स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण कर पहले दिए गए निर्देशों की समीक्षा की गई। यहां सिंचाई विभाग की ओर से रिटेनिंग वॉल (नहर के किनारे मिट्टी को खिसकने से रोकने के लिए बनाई गई दीवार) का निर्माण कराया गया है, लेकिन कई स्थानों पर सिल्ट (नहर में जमा गाद और मिट्टी) नहीं हटाई गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि सिंचाई विभाग ने सफाई में लापरवाही की तो नगर निगम अपने संसाधनों से नहर की सफाई कराएगा। नगर निगम की फॉसी मशीन से नहर से निकाली गई फ्लोटिंग सामग्री (पानी की सतह पर तैरने वाली गंदगी) सड़क पर रखी मिली। इसे तत्काल हटाने और नहर के दोनों किनारों पर विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए। पूजा समिति की मांग पर यहां भी दो हाईमास्ट लाइट (ऊंचे खंभों पर लगाई जाने वाली तेज रोशनी वाली लाइटें) लगाने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान हैलट अस्पताल मार्ग, गोल चौराहा, रावतपुर क्रॉसिंग, गीतानगर मेट्रो स्टेशन, गुरुदेव चौराहा, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय मार्ग, बगिया क्रॉसिंग और सीएम ग्रिड रोड पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को छठ पूजा से पहले सभी व्यवस्थाएं समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775081 Articles

Share this story