रावतपुर क्रॉसिंग से देवकी चौराहे तक तीन दिन में भरे जाएं सड़क के गड्ढे : अर्पित उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
रावतपुर क्रॉसिंग से देवकी चौराहे तक तीन दिन में भरे जाएं सड़क के गड्ढे : अर्पित उपाध्याय


कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क निर्माण में अभी समय लगेगा, इसलिए तत्काल राहत के लिए तीन दिन में गड्ढों की पैचिंग कराई जाए, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी न हो। यह निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार को रावतपुर क्रॉसिंग से रेव मोती होते हुए देवकी चौराहे तक सड़क का निरीक्षण करने के दौरान दिए।

इस दौरान रावतपुर क्रॉसिंग से रेव मोती तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे मिले। रेव मोती से देवकी चौराहे की ओर जल निगम की पाइपलाइन डालने के बाद कई स्थानों पर सड़क की मरम्मत नहीं होने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। जल निगम के अधीक्षण अभियंता प्रवीन यादव ने बताया कि लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन बारिश के कारण दोबारा गड्ढे हो गए। यह सड़क लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व में है।

नगर आयुक्त ने रावतपुर चौराहे से कंपनी बाग तक मेट्रो से समन्वय कर जल निगम के इंटरकनेक्शन का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद रेव मोती के सामने पाइपलाइन कनेक्शन का काम पूरा कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर बात की। अभियंता ने बताया कि सड़क पर सीसी रोड बनाने का निर्णय लिया गया है। करीब 40 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलने के बाद रावतपुर क्रॉसिंग से रेव मोती होते हुए देवकी चौराहे तक सीसी रोड बनाई जाएगी।

नगर आयुक्त ने रावतपुर और रेव मोती के बाहर अतिक्रमण हटाने के निर्देश जोनल अभियंता को दिए। साथ ही रेव मोती प्रबंधन को बाउंड्रीवाल के बाहर नगर निगम की ओर से विकसित ग्रीन बेल्ट को सुंदर बनाने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधीक्षण अभियंता प्रवीन यादव, रेव मोती के महाप्रबंधक मोहम्मद फैसल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story