पांच नवंबर को होगा मुंगराबादशाहपुर बाईपास का शिलान्यास, 197 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क

WhatsApp Channel Join Now
पांच नवंबर को होगा मुंगराबादशाहपुर बाईपास का शिलान्यास, 197 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क


पांच नवंबर को होगा मुंगराबादशाहपुर बाईपास का शिलान्यास, 197 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क


जौनपुर,01 नवंबर (हि.स.)। मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी बाईपास निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। बहुप्रतीक्षित मुंगराबादशाहपुर बाईपास का शिलान्यास पांच नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इस अवसर पर सुबह 10 बजे सार्वजनिक इंटर कॉलेज परिसर में जनसभा आयोजित की जाएगी। करीब 197 करोड़ रुपये की लागत से 4.335 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण कराया जाएगा।

बाईपास बनने से मुंगराबादशाहपुर कस्बे को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम होगा। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होने तथा क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। परियोजना के निर्माण की निर्धारित तिथि 23 मार्च 2027 तथा पूर्णता तिथि 22 सितंबर 2027 तय की गई है। रविवार को

शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल सार्वजनिक इंटर कॉलेज तथा हेलीपैड स्थल सार्वजनिक पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अंबष्ट, एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शुभांशु कटियार, सीओ परमानंद कुशवाहा और एडीएम परमानंद झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान आमजन के प्रवेश और निकास के लिए दो फ्रंट गेट निर्धारित किए गए, जबकि वीआईपी आवागमन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था की गई। जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को हेलीपैड, जनसभा पंडाल, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

उधर, भाजपा पदाधिकारियों ने मुंगराबादशाहपुर में समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व विधायक डॉ. सुषमा पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने क्षेत्रवासियों से पांच नवंबर को सार्वजनिक इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाईपास का शिलान्यास क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story