औरैया में मनाई गई मुलायम सिंह यादव की जयंती, सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में मनाई गई मुलायम सिंह यादव की जयंती, सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


औरैया, 22 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को औरैया के ककोर स्थित पार्टी जिला कार्यालय में मनाई गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक योगदान को याद किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल चिचौली पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए।

सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने किसानों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को राजनीति के केंद्र में रखा। उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना कर समाजवाद और डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों को आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में सपा प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी।

उन्होंने कहा कि नेताजी ने शिक्षकों, किसानों और समाज के वंचित वर्गों से जुड़े लोगों को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर दिया। उन्होंने सामान्य परिवारों से आने वाले लोगों को लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा तक पहुंचाया। उनका मानना था कि समाज के हर वर्ग की राजनीति और सत्ता में भागीदारी होनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 1996 से 1998 तक रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के सम्मान को विशेष महत्व दिया। उनके प्रयासों से शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव और घर तक पहुंचाने की व्यवस्था को मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि नेताजी का राजनीतिक जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और कार्यकर्ताओं के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा पार्टी के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

इस मौके पर दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, वरिष्ठ सपा नेता बाबा रामनरेश, लालजी शुक्ला, श्याम बाबू यादव, रामबाबू यादव, महेंद्र त्रिपाठी, रचना सेंगर, रश्मि यादव, कमलेश तिवारी, पल्लवी पाल, मधु यादव, गीता यादव, राजेश राजपूत सहित सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781396 Articles

Share this story