लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने गईं चार बच्चियां टीले में दबी, एक मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now


बांदा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बादा में दीपावली पर घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने गईं चार बच्चियां बुधवार शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। गांव के बाहर कगार से मिट्टी खोदते समय अचानक भारी भरकम टीला भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में आठ वर्षीय बालिका की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ गईं दो अन्य बच्चियों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मृतका के परिवार में चीख-पुकार गूंज उठी।

पैलानी थाना क्षेत्र के अमलोर गांव निवासी शिवशंकर की आठ वर्षीय बेटी प्रांशी बुधवार शाम अपनी 12 वर्षीय बड़ी बहन प्रिया और पड़ोस की दो अन्य बच्चियों के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर गांव के बाहर कगार पर मिट्टी लेने पहुंची थी। दीपावली के मद्देनजर घर की लिपाई-पुताई के लिए बच्चियां मिट्टी खोद रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का विशाल टीला ढह गया और चारों बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं।

टीला गिरते ही बच्चियों में चीख-पुकार मच गई। तीन बच्चियां किसी तरह मलबे से बाहर निकलने में कामयाब रहीं, लेकिन प्रांशी उसमें दब गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बच्ची को बचाने के लिए मलबा हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद प्रांशी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल उसकी बड़ी बहन की हालत गंभीर बताई गई, जबकि अन्य दो बच्चियों को मामूली चोटें आईं।

प्रांशी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के मुताबिक, प्रांशी दो बहनों में छोटी थी। परिवार में कोई बेटा नहीं है। उसके पिता गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटी की मौत से मां सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपावली की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

पैलानी थाना प्रभारी राममोहन राय ने बताया कि घटना शाम को हुई है जिसमें एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि अन्य बच्चियां बच गईं। उनके अनुसार, बच्ची का शव मलबे से निकाले जाने के काफी देर बाद परिजनों ने रात में पुलिस को घटना की सूचना दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761005 Articles

Share this story