मेडिकल कॉलेज पहुंचे सांसद, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की ली जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज पहुंचे सांसद, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की ली जानकारी


देवरिया, 06 जून (हि.स.)। देवरिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद शशांक मणि ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज का दौरा कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सा संसाधनों और अस्पताल संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

बैठक में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, डॉक्टरों की तैनाती, मरीजों की संख्या तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। सांसद ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।

निरीक्षण के दौरान ट्रामा सेंटर में ऑक्सीजन प्लांट से जुड़ी समस्या भी सामने आई, जिस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कही। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हर हाल में बनी रहनी चाहिए।

सांसद ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवा वितरण, जांच सुविधाओं और मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य रजनी पटेल, सीएमएस एच.के. मिश्रा सहित अन्य चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा के नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी तथा अन्य पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story