फर्रुखाबाद: रेलवे अंडरपास का घटिया निर्माण देख सांसद ने रेल अधिकारियों को लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: रेलवे अंडरपास का घटिया निर्माण देख सांसद ने रेल अधिकारियों को लगाई फटकार


फर्रुखाबाद,11 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मुकेश राजपूत ने गुरुवार को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन कार्य से संबंधित अधिकारियों को उत्तम गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। सांसद मुकेश राजपूत ने रेलवे स्टेशन पर वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान अंडरपास निर्माण में खामियां मिलने पर सांसद ने रेलवे अधिकारियों को फटकार लगाई और रेल मंत्री से शिकायत करने की बात कही।

पत्रकारों से बात करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन का कार्य अमृत योजना के तहत कराया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अंतर्गत मुख्य कार्यों में यात्री सुविधाओं का आधुनिकीकरण, प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, मुफ्त वाईफाई सुविधा शामिल हैं। साथ ही स्टेशन का कायाकल्प में सुंदर प्रवेश द्वार, चौड़े प्लेटफार्म और दिव्यांग जनों के लिए विशेष सुविधाएं शामिल हैं।

सांसद ने बताया कि अमृत योजना भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत फर्रुखाबाद जनपद का स्टेशन के सुंदरीकरण का कार्य भी इसी के तहत कराया जा रहा है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह कार्य मई-जून 2027 तक पूर्ण करने की अवधि तय की गई है, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को समय से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि गढ़िया ढिलावल के अंडरपास के निर्माण में अच्छी गुणवत्ता का कार्य न होने पर नाराजगी व्यक्ति की। उन्होंने बताया कि यह अंडरपास पूरे देश का सबसे खराब अंडरपास है, जिसमें अच्छी गुणवत्ता का कोई निर्माण नहीं किया गया है। ऐसे अधिकारी जिन्होंने इस निर्माण में अनियमिताएं की है, इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों एवं रेल मंत्री तक पहुंचा कर कार्रवाई कराई जाएगी।

इस दौरान सांसद के साथ जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, सांसद प्रतिनिधि अनूप मिश्रा, अमन एवं रेलवे से संबंधित अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story