गैस सिलेंडर किल्लत की शिकायतों पर सांसद ने लिया संज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
गैस सिलेंडर किल्लत की शिकायतों पर सांसद ने लिया संज्ञान


कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की संभावित किल्लत की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में आम लोगों को गैस की कमी का सामना न करना पड़े और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रखी जाए। यह बातें शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

सांसद ने दिल्ली से फोन पर कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से वार्ता कर शहर में गैस आपूर्ति की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर प्रशासन पूरी सतर्कता और पैनी नजर बनाए रखे, ताकि कहीं भी कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो सके।

सांसद ने स्पष्ट कहा कि आम जनता को समय पर घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इस सम्बंध में भाजपा कानपुर क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी दी कि शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी जिला प्रशासन के साथ बैठक कर शहर में गैस वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे। बैठक में गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था, वितरण प्रणाली और आम जनता को हो रही समस्याओं पर चर्चा कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सांसद रमेश अवस्थी के सक्रिय हस्तक्षेप से शहर में गैस आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story