सांसद शशांक मणि ने किया ट्रामा सेंटर का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सांसद शशांक मणि ने किया ट्रामा सेंटर का निरीक्षण


सांसद शशांक मणि ने किया ट्रामा सेंटर का निरीक्षण


देवरिया, 08 अगस्त (हि.स.)। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन संचालित ट्रामा सेंटर का शनिवार को सांसद शशांक मणि ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रामा सेंटर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, उपकरणों, साफ-सफाई और मरीजों के उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सांसद ने चिकित्सकों एवं मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने ट्रामा सेंटर के विभिन्न कक्षों का भ्रमण किया और आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति तथा गंभीर मरीजों के लिए जरूरी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

सांसद शशांक मणि ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर आपातकालीन मामलों में समय पर उपचार मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। ट्रामा सेंटर के माध्यम से गंभीर रूप से घायल मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देवरिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने के साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इस दौरान मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या, सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, जिला मंत्री डॉ. हेमंत मिश्रा, आनंद शाही, शैलेन्द्र सिंह आजाद, मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, राघवेंद्र विक्रम सिंह, सुधीर श्रीवास्तव सहित चिकित्सक, अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story