सड़कों और विकास कार्यों की सांसद ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सड़कों और विकास कार्यों की सांसद ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश


कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। शहर की बदहाल सड़कों, अधूरे विकास कार्यों और बारिश के बाद प्रभावित हुई यातायात व्यवस्था को लेकर कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। सांसद सेवा केंद्र में आयोजित बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जलकल, जल निगम, एनएचएआई, मेट्रो, केडीए समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सांसद ने विभागवार विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सड़कों की स्थिति, निर्माण कार्यों, सीवर परियोजनाओं, नालों और सीएम ग्रिड के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांसद रमेश अवस्थी ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बारिश के बाद प्रभावित हुई सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब और क्षतिग्रस्त मार्गों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर पैचवर्क और आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए और शहर की प्रमुख सड़कें आवागमन के लिए सुगम बनी रहें।

08 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कें पीडब्ल्यूडी को होंगी हस्तांतरित

नगर निगम के मुख्य अभियंता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी को निर्देशित करते हुए सांसद ने कहा कि नगर निगम के अधीन आने वाली आठ मीटर से अधिक चौड़ी प्रमुख सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके बाद पीडब्ल्यूडी इन सड़कों को अपने अधीन लेकर आरसीसी सड़क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजेगा।

रामादेवी-गोल चौराहा और गोल चौराहा-आईआईटी मार्ग पर पैचवर्क के निर्देश

एनएचएआई के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार जैन से रामादेवी से गोल चौराहा तथा गोल चौराहा से आईआईटी तक मार्ग की स्थिति की जानकारी ली गई। सांसद ने इन प्रमुख मार्गों पर आवश्यक स्थानों पर शीघ्र पैचवर्क कराने के निर्देश दिए।

जरीब चौकी सीवर लाइन का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

जल निगम के अधीक्षण अभियंता मोहित चक, अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव और सीएण्डडीएस के सर्वेश वर्मा से जरीब चौकी में चल रहे सीवर लाइन शिफ्टिंग कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। सांसद ने सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

138 करोड़ रुपये से बनेंगे 14 नाले, कार्यों की प्रगति की समीक्षा

बैठक में केंद्र सरकार द्वारा कानपुर महानगर में 14 नालों के निर्माण के लिए स्वीकृत करीब 138 करोड़ रुपये की धनराशि से प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की गई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और जल्द भूमिपूजन कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएम ग्रिड की सड़कों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर, कभी भी हो सकता है निरीक्षण

सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने अधिकारियों से प्रत्येक सड़क की वर्तमान स्थिति, निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता संबंधी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि रविवार के बाद वह किसी भी समय सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर सकते हैं।

समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा हो सड़क सुधार का काम

सांसद रमेश अवस्थी ने बैठक में कहा कि कानपुर की जनता को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए और जहां स्थायी निर्माण की आवश्यकता है, वहां गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, निर्धारित समयसीमा का पालन करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम के मुख्य अभियंता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा, जलकल के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, जल निगम के अधीक्षण अभियंता मोहित चक, अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सीएण्डडीएस से सर्वेश वर्मा, एनएचएआई के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार जैन, मेट्रो से मनकामेश्वर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story