40 साल पुरानी सीवर समस्या का शीघ्र हाे समाधान : सांसद रमेश अवस्थी
कानपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। चार दशक से 40 दुकान मार्केट के व्यापारी सीवर जाम की समस्या से परेशान थे। अब इस समस्या को कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए मौके पर प्रभावी कार्रवाई कर स्थायी समाधान कराया जाएगा। सांसद रमेश अवस्थी ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
किदवई नगर और छावनी विधानसभा क्षेत्रों के बीच स्थित 40 दुकान मार्केट में लंबे समय से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। व्यापारियों ने सांसद रमेश अवस्थी से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर भर जाता था। इससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होने के साथ ग्राहकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
व्यापारियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तत्काल समन्वय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर सीवर व्यवस्था का निरीक्षण करने और समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि करीब 40 साल पुरानी समस्या को अब केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए। सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ऐसे तकनीकी उपाय भी किए जाएं, जिससे भविष्य में दोबारा जलभराव और सीवर जाम की स्थिति न बने। उनके निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और समाधान की प्रक्रिया शुरू की।
व्यापारियों ने सांसद के त्वरित हस्तक्षेप पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या पर पहली बार गंभीरता से कार्रवाई होती दिखाई दे रही है।
बैठक और स्थलीय निरीक्षण के दौरान जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, जल निगम के अधीक्षण अभियंता मोहित चक, व्यापार मंडल अध्यक्ष अनूप तिवारी, पार्षद गिरीश वाजपेयी, पूर्व पार्षद हरिशंकर गुप्ता, यशपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

