कानपुर के विकास मुद्दों पर रेल मंत्री से मिले सांसद रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर के विकास मुद्दों पर रेल मंत्री से मिले सांसद रमेश अवस्थी


कानपुर, 29 मई (हि.स.)। शहर के विकास से जुड़ी रेलवे और आधारभूत परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है। कानपुर सेंट्रल और अनवरगंज स्टेशन के आधुनिकीकरण, जरीब चौकी रेलवे ओवरब्रिज, अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड ट्रैक और प्रस्तावित आईटी पार्क जैसी योजनाएं शहर के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। साथ ही, दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड ट्रेन परियोजना में कानपुर को शामिल किया जाना चाहिए, ताकि शहर को औद्योगिक और आर्थिक मजबूती मिल सके। यह बातें सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान कहीं।नई दिल्ली में हुई इस भेंट के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने रेल मंत्री के सामने कानपुर महानगर से जुड़े कई विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि रेलवे मंत्रालय की ओर से कानपुर सेंट्रल और अनवरगंज स्टेशन पर चल रहे नव निर्माण और आधुनिकीकरण कार्य भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।

सांसद ने जरीब चौकी चौराहे पर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था काफी हद तक सुगम होगी और लोगों को जाम से राहत मिलेगी। बैठक के दौरान कानपुर में प्रस्तावित आईटी पार्क को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि आईटी पार्क की स्थापना से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और कानपुर तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

रमेश अवस्थी ने दिल्ली से वाराणसी के बीच प्रस्तावित हाई स्पीड ट्रेन परियोजना में कानपुर को शामिल करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि कानपुर उत्तर भारत का प्रमुख औद्योगिक और शैक्षिक केंद्र है, इसलिए इस परियोजना में शहर की भागीदारी जरूरी है।इसके अलावा सांसद ने अनवरगंज से मंधना तक प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे शहर में यातायात का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story