सांसद पप्पू यादव ने किए द्वारिकाधीश और संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन, यमुना नदी का दूध से किया अभिषेक
कहां चले गए 56 इंच सीना कहने वाले : राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव
मथुरा, 26 मार्च (हि.स.)। गुरुवार काे मथुरा पहुंचे बिहार से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा ईरान और इजरायल युद्ध को 24 दिन से अधिक हो गए, खुद को विश्व गुरु और 56 इंच सीना कहने वाले अब कहां चले गए? यह युद्ध मानवता के लिए खतरा है। बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने द्वारकाधीश के दर्शन किए, संत प्रेमानंद महाराज से भी मुलाकात की। मथुरा में उन्होंने कई धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। विश्राम घाट पर यमुना नदी की पूजा अर्चना और दूध से अभिषेक किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। नोटबंदी से लेकर बेरोजगारी, शेयर बाजार, डॉलर के मुकाबले रुपये की खराब हालत पर बयान दिया।
उत्तर प्रदेश के मथुरा पहुंचे बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि आज डॉलर के मुकाबले रुपया कितना गिर गया है? सरकार इसका जवाब नहीं दे रही है। बेरोजगारों की लाइन लगवा दी। बच्चों को नौकरी नहीं मिल रही है। शेयर मार्केट की हालत खराब हो गई है। माता-बहनों को भी गैस के लिए लाइन लगवा रही है। रसोईघर का काम भी प्रभावित है। समय से सिलेंडर नहीं मिल रहा है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि 12 साल के कार्यकाल में कभी किसानों को सड़क पर खड़ा कर दिया तो नोटबंदी के नाम पर 400 लोगों को मार दिया।
द्वारकाधीश के दर्शन किए, संत प्रेमानंद से मुलाकात की
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज मथुरा के बड़े संत हैं। उनके दर्शन करके मुझे बहुत अधिक खुशी मिली है। रामनवमी के मौके पर भगवान कृष्ण की नगरी में द्वारकाधीश के दर्शन करने के लिए आया हूं। उन्होंने संकट में फंसे लोगों के लिए खुशियों की कामना की है। पप्पू यादव ने कहा कि द्वारकाधीश ने मानवता की रक्षा के लिए कंस का संहार किया था। उन्होंने भगवान से संकट में फंसे लोगों की रक्षा करने की प्रार्थना की है।
यमुना नदी की सफाई का मामला लोकसभा में उठाएंगे
सांसद पप्पू यादव द्वारकाधीश मंदिर दर्शन करने के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने द्वारकाधीश के दर्शन किए। इस मौके पर उन्हें पटका भेंट किया गया। इसके पहले संत प्रेमानंद महाराज आश्रम में दर्शन करने के लिए पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। यमुना नदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यमुना नदी की सफाई का मामला लोकसभा में उठाएंगे। यमुना नदी को साफ कराने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर उन्होंने कृष्णा सट्टा की बात की। स्मार्ट मीटर के खिलाफ उन्होंने बयान दिया, बोलें इससे लोगों का शोषण हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

