कानपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई गति, 100 बेड का बंद अस्पताल जल्द होगा शुरू : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई गति, 100 बेड का बंद अस्पताल जल्द होगा शुरू : सांसद


कानपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। कानपुर जैसे बड़े औद्योगिक एवं जनसंख्या वाले महानगर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। 100 बेड का अस्पताल लंबे समय से बंद पड़ा होने के कारण क्षेत्र की जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल के शुरू होने से हजारों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और मौजूदा सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा। यह बातें मंगलवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात के दौरान कहीं।

महानगर की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुदृढ़ बनाने तथा आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक तथा स्वास्थ्य विभाग के सचिव से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने कानपुर में लंबे समय से बंद पड़े 100 बेड के अस्पताल को शीघ्र संचालित कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के समक्ष अस्पताल को तत्काल शुरू कराने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल का संचालन शुरू होने से गरीब, मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों को अपने ही शहर में बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनकी मांग को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि 100 बेड के अस्पताल को जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सांसद ने कहा कि कानपुर के विकास और यहां के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वह कानपुर की जनता से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे।

सांसद की इस पहल से लंबे समय से अस्पताल के शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775081 Articles

Share this story