कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस से रेल संपर्क को मिलेगी नई गति : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस से रेल संपर्क को मिलेगी नई गति : सांसद


कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ कानपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क को नई गति मिलेगी। व्यापारियों, उद्यमियों, नौकरीपेशा लोगों के साथ आम यात्रियों को भी आवागमन के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। यह बातें शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। देशभर में रेल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। कानपुर को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ शहर के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

दरअसल, 16 नवंबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कानपुर आएंगे। इस दौरान उनके द्वारा कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर होने वाली व्यवस्थाओं के साथ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और आवागमन के इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से अब तक पूरी की जा चुकी तैयारियों और शेष कार्यों की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि रेल मंत्री के आगमन और उद्घाटन समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई और कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने के इंतजामों तक प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे रेल मंत्री का कानपुर आगमन और उद्घाटन समारोह व्यवस्थित एवं यादगार बन सके।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम रजनीश अग्रवाल, सीटीएम आकांशू कुमार समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story