26 लाख के विश्रामालय का सांसद हेमा ने किया था लोकार्पण, यात्री बाहर बैठने को मजबूर

WhatsApp Channel Join Now
26 लाख के विश्रामालय का सांसद हेमा ने किया था लोकार्पण, यात्री बाहर बैठने को मजबूर


मथुरा, 16 जुलाई(हि.स.)। नगर पंचायत बलदेव में 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित विश्रामालय का लोकार्पण होने के बावजूद वह अधूरा पड़ा है। यात्री अभी भी बाहर बैठने को मजबूर हैं, क्योंकि निर्माण कार्य रुका हुआ है। इस मामले में ठेकेदार और नगर पंचायत अध्यक्ष के विरोधाभासी बयान सामने आए हैं, जिससे परियोजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बलदेव के पुराने बस स्टैंड पर बने इस विश्रामालय का लोकार्पण 12 मई को मथुरा की सांसद हेमा मालिनी द्वारा किया गया था। शिलापट्टिका पर मुख्यमंत्री का नाम भी अंकित है। परिसर में केवल एक छोटा सा हॉल बना है, जिस पर ताला लगा हुआ है। दाऊजी महाराज के दर्शन के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालु और यात्री इस अधूरे विश्रामालय का लाभ नहीं ले पा रहे हैं और बाहर ही बैठे दिखाई दिए।

निर्माण कार्य कर रही राधिका कंस्ट्रक्शन के केयरटेकर रिंकू अग्रवाल ने बताया कि 26 लाख रुपये के टेंडर में एक हॉल, ऊपर दो कमरे, सीढ़ी, शौचालय और पानी की फिटिंग का कार्य शामिल था। उन्होंने भुगतान न मिलने के कारण आगे का निर्माण कार्य रोक देने की बात कही।

इस पूरे मामले में अब कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। यदि जगह पर्याप्त नहीं थी तो 26 लाख रुपए के प्रस्ताव को मंजूरी किस आधार पर दी गई? जब निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ था तो सांसद हेमा मालिनी से इसका लोकार्पण क्यों कराया गया? 26 लाख रुपये की परियोजना में शेष धनराशि का क्या हुआ और उसका हिसाब क्या है? स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परियोजना की लागत तथा निर्माण कार्य का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।

वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष मुरारीलाल अग्रवाल का कहना है कि जगह कम होने के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story