एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत सांसद एवं जिलाध्यक्ष ने किया वृक्षारोपण

WhatsApp Channel Join Now
एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत सांसद एवं जिलाध्यक्ष ने किया वृक्षारोपण


देवरिया, 12 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रविवार को देवरहा बाबा स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान भारतीय संस्कृति में मां के सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बना रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी से किया जाए।

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि लगाए गए पौधों की समुचित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर संजय तिवारी, नरेंद्र मिश्रा 'पप्पू', आनंद शाही, जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, पवन कुमार मिश्रा, डॉ. हेमंत मिश्रा, सुधांशु मिश्रा सहित मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या, चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और जनभागीदारी से ही इस अभियान को व्यापक सफलता मिल सकती है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story