बाराबंकी में सांसद चंद्रशेखर आजाद को रोका, समर्थकों ने तोड़ा टोल बैरियर

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी में सांसद चंद्रशेखर आजाद को रोका, समर्थकों ने तोड़ा टोल बैरियर


बाराबंकी, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोण्डा के बर्तन कारोबारी विनोद साहनी हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को रविवार को बाराबंकी में पुलिस ने रोक लिया। मसौली थाना पुलिस ने उन्हें शहाबपुर टोल प्लाजा पर रोका और अभिरक्षा में रामनगर स्थित सर्किट हाउस ले गई।

थाना प्रभारी रामनगर अरुण कुमार सिंह ने बताया की नगीना सांसद को रामनगर के सर्किट हाउस में रखा गया है। उन्हें गोण्डा की ओर नहीं जाने दिया जा रहा है। सांसद को रोके जाने की सूचना पर समर्थकों में आक्रोश फैल गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने शहाबपुर टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ दिया। इससे मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। बाद में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति नियंत्रित की गई। समर्थकों का आरोप है कि प्रशासन उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने से रोक रहा है।

गोण्डा जनपद के परसपुर थाना क्षेत्र स्थित शहपुर धनावा निवासी विनोद साहनी (45) पर 10 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर लौटते समय धारदार हथियार से हमला किया गया था। लखनऊ के केजीएमयू में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। इससे पहले शुक्रवार को सपा नेता राजपाल कश्यप और शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी गोण्डा जाते समय रोका गया था।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story