डी-कोड और सिख लाइट इन्फैंट्री ट्रेनिंग सेंटर के बीच एमओयू : प्रो. विनय कुमार पाठक

WhatsApp Channel Join Now
डी-कोड और सिख लाइट इन्फैंट्री ट्रेनिंग सेंटर के बीच एमओयू : प्रो. विनय कुमार पाठक


कानपुर, 14 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर के डी-कोड और सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटर फतेहगढ़ के बीच गुरुवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में बड़ा कदम बताया। एमओयू के माध्यम से सैनिकों और जवानों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह बातें गुरुवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि भारतीय सेना अनुशासन, पराक्रम और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। विश्वविद्यालय और सेना के बीच हुआ यह समझौता सैनिकों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च योगदान देते हैं और ऐसे शैक्षिक सहयोग उन्हें नई दिशा प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम में ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने डी-कोड की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एमओयू सैनिकों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पाठ्यक्रमों के संचालन से जवान अपनी सेवाओं के साथ-साथ शिक्षा और बौद्धिक विकास पर भी ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने कहा कि सेना के साथ एमओयू कर विश्वविद्यालय परिवार खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सेना की आवश्यकताओं के अनुसार नए पाठ्यक्रम विकसित करने के लिए विश्वविद्यालय सदैव तत्पर रहेगा।

इससे पूर्व डी-कोड के निदेशक डॉ. सरोज कुमार द्विवेदी ने डी-कोड की गतिविधियों और एमओयू के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान डी-कोड की शैक्षिक गतिविधियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई। समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डी-कोड के सह निदेशक डॉ. विमल सिंह ने किया।

कार्यक्रम में कमांडेंट कर्नल गौरव बोस, डिप्टी कमांडेंट, अन्य सैन्य अधिकारी, डी-कोड की कोर टीम, विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story