आईआईटी कानपुर और यूआईईटी के बीच हुआ एमओयू, शोध व नवाचार को बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी कानपुर और यूआईईटी के बीच हुआ एमओयू, शोध व नवाचार को बढ़ावा


कानपुर, 30 मार्च (हि.स.)। तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आईआईटी कानपुर और यूआईईटी, सीएसजेएम विश्वविद्यालय के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर सोमवार को हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत दोनों संस्थानों के छात्रों को शोध व नवाचार में बढ़ावा मिलेगा।

यह समझौता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के डीन अकादमिक प्रो. अशोक डे एवं सीएसजेएम विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक प्रो. बृष्टि मित्रा द्वारा संपन्न किया गया। इस अवसर पर यूआईईटी के निदेशक डॉ. आलोक कुमार उपस्थित रहे। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को सुदृढ़ करना है।

एमओयू के अंतर्गत छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों को अनेक अवसर प्राप्त होंगे। यूआईईटी के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र आईआईटी कानपुर के प्रतिष्ठित समर रिसर्च इंटर्नशिप प्रोग्राम (एसआरआईपी) में भाग ले सकेंगे। समझौते के तहत यूआईईटी छात्रों को आईआईटी कानपुर में पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के अवसर भी उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त, दोनों संस्थानों के संकाय सदस्य एवं शोधार्थी आपसी सहमति से एक-दूसरे के संस्थानों में निर्धारित अवधि तक शोध कार्य कर सकेंगे।

यह साझेदारी विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं को गति देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

Share this story