मां के संस्कार ही संतान के चरित्र और कर्तव्यनिष्ठा की नींव रखते हैं : कुलदीप जी महाराज

WhatsApp Channel Join Now
मां के संस्कार ही संतान के चरित्र और कर्तव्यनिष्ठा की नींव रखते हैं : कुलदीप जी महाराज


कानपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। मां के दिए संस्कार ही संतान के चरित्र, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग की नींव रखते हैं। शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, सेवा भाव और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना भी जरूरी है। यह बातें मंगलवार को बेनाझाबर स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित श्रद्धेया मां तीर्थरानी मिश्र जयंती समारोह में मुख्य अतिथि संतप्रवर कुलदीप जी महाराज ने कहीं।

उन्होंने अपने प्रवचन में माता कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा के व्यक्तित्व एवं संस्कारों का उल्लेख करते हुए भगवान श्रीराम और भरत के चरित्र निर्माण में उनकी भूमिका को विस्तार से समझाया। कहा कि मां के संस्कार ही बच्चों को जीवन में कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और सेवा की राह दिखाते हैं। समाज के जरूरतमंद वर्ग का उत्थान करना ही सच्ची मानव सेवा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और श्रद्धेया मां तीर्थरानी मिश्र के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्पण कर किया गया। विद्यालय की उप प्रधानाचार्या मंजूबाला श्रीवास्तव ने महाराज जी का परिचय कराया और मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने भजन प्रस्तुत किए। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विद्यालय के प्रबंधक आदित्यशंकर बाजपेयी ने श्रद्धेया मां तीर्थरानी मिश्र के जीवन, आदर्शों, संस्कारों और सेवा भाव पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस दौरान श्रद्धेया मां तीर्थरानी मिश्र एवं पं. राम बालक मिश्र निर्धन-मेधावी छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम के तहत 10 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में सहयोग देना है।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. शिवाकान्त मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद सामूहिक रूप से श्रीराम स्तुति का गायन किया गया और स्वल्पाहार के साथ समारोह का समापन हुआ।

इस मौके पर सह प्रबंधक भवानी भीख तिवारी, शारद कृष्ण पाण्डेय, कृष्णकांत मिश्रा, डॉ. नीलम मिश्रा, नवीन मिश्रा, डॉ. राशि मिश्रा, मंजू शुक्ला और सुमन चंदोला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story