बाराबंकी : पिता के कपड़े विसर्जित करने जा रहे मां-बेटे को वाहन ने रौंदा, दोनों की मौत
बाराबंकी, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में पिता के कपड़े गोमती नदी में विसर्जित करने जा रहे मां-बेटे की सोमवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जैदपुर थाना क्षेत्र के पारादीपुर निवासी सर्वेश कुमार वर्मा (37) अपनी मां शर्मावती वर्मा (60) को बाइक से लेकर अवसानेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे। रास्ते में भानमऊ चौराहे के पास एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची भानमऊ चौकी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात बहाल कराया।
चौकी इंचार्ज संतोष कुमार पाल ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इंस्पेक्टर कोठी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में मां-बेटे की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

