आठ बच्चों की मां अपने प्रेमी दामाद संग भागी, सदमे में आये पति ने कराई शिकायत दर्ज
मथुरा, 02 मई(हि.स.)। आगरा के अछनेरा इलाके में रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहाँ एक सास अपने ही दामाद के प्यार में ऐसी अंधी हुई कि 8 बच्चों और भरे-पूरे संसार को छोड़कर फरार हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह ‘इश्क’ नया नहीं है। 12 साल पहले भी यह जोड़ी समाज और परिवार को ठेंगा दिखाकर भाग चुकी थी। इस घटना के बाद से पीड़ित पति और दामाद की पत्नी (महिला की बेटी) गहरे सदमे में हैं। पीड़ित पति ने शनिवार थाना फरह में दामाद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
यह शर्मनाक वाकया अछनेरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। आरोपी दामाद, जो खुद 5 बच्चों का पिता है, अपनी ससुराल आया हुआ था। दोपहर के समय उसने अपनी सास को घर के पीछे खेत में मेहंदी तोड़ने के बहाने बुलाया। काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को शक हुआ। बताया जा रहा है कि जब परिवार के लोग वहां पहुंचे, तो दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। पकड़े जाने के डर से दामाद अपनी सास को बाइक पर बैठाकर गांव से भाग निकला।
यह मामला सिर्फ भागने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे की कहानी और भी पेचीदा है। बताया जाता है कि एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की शादी दो सगी बहनों से हुई थी। शादी के तीन साल बाद ही बड़े दामाद और उसकी सास के बीच अवैध संबंध बन गए थे। 12 साल पहले भी दोनों घर से भाग गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद दिल्ली से पकड़कर वापस लाया गया था। उस वक्त लोक-लाज के डर से परिवार ने मामला दबा दिया था, लेकिन दोनों के बीच का प्रेम फिर से परवान चढ़ गया। इस अनैतिक रिश्ते ने दो परिवारों की नींव हिला दी है।
एक तरफ पीड़ित पति है जिसके 8 बच्चे हैं, तो दूसरी तरफ दामाद की पत्नी (जो भागने वाली महिला की सगी बेटी है) के सिर पर 5 बच्चों की जिम्मेदारी है। मां और पति की इस करतूत ने बेटी को समाज में कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा। गांव में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पीड़ित पति ने थक-हारकर थाना फरह में अपने दामाद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पति का आरोप है कि दामाद उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
फरह थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि सास और दामाद के लापता होने की तहरीर मिली है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और मोबाइल लोकेशन के जरिए दोनों को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

