मां-बेटी संवाद से स्वास्थ्य जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा : प्रो. विनय कुमार पाठक

WhatsApp Channel Join Now
मां-बेटी संवाद से स्वास्थ्य जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा : प्रो. विनय कुमार पाठक


कानपुर, 25 जून (हि.स.)। मां-बेटी सम्मेलन का उद्देश्य छात्राओं और उनकी माताओं के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना तथा एनीमिया जैसी समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाना है। इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के 41वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर नौ जुलाई को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में मां-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दीक्षांत समारोह के समापन के बाद अपराह्न 3:30 बजे से शुरू होगा।

राज्यपाल सचिवालय के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस सम्मेलन से पहले विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं का नि:शुल्क ब्लड टेस्ट कराया जाएगा। यह जांच तीन से छह जुलाई के बीच स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज और पालीवाल डायग्नोस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से की जाएगी। जांच रिपोर्ट संबंधित छात्राओं के परिजनों, विशेष रूप से उनकी माताओं को उपलब्ध कराई जाएगी।

सम्मेलन में छात्राओं के साथ उनकी माताएं भी शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ प्रो. मीरा अग्निहोत्री छात्राओं और उनकी माताओं को एनीमिया के कारण, प्रभाव और निवारण के संबंध में जानकारी देंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की छात्राओं और उनकी माताओं से संवाद करने की संभावना भी है। सम्मेलन के बाद छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की माताओं को छात्रावास भ्रमण की सुविधा भी दी जाएगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने चीफ वार्डेन, विभिन्न छात्रावासों के वार्डेन, स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी, डॉ. रश्मि गोरे सहित 12 शिक्षकों की टीम गठित की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story