खाना खाने के बाद मां और दो बच्चों की हालत बिगड़ी, भाई-बहन की मौत, मां की हालत नाजुक

WhatsApp Channel Join Now
खाना खाने के बाद मां और दो बच्चों की हालत बिगड़ी, भाई-बहन की मौत, मां की हालत नाजुक


नोएडा, 08 जून (हि.स.)। थाना रबूपरा क्षेत्र के कस्बा रबूपुरा में रहने वाली एक महिला और उसके दो बच्चों ने रविवार की रात को खाना खाया तथा सोने चले गए। इसी बीच तीनों को उल्टी आदि की शिकायत हुई। परिजनों ने देर रात को उन्हें ग्रेटर नोएडा की यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया, वहां पर साेमवार शाम को आठ और पांच वर्षीय भाई- बहन की उपचार के दौरान मौत हो गई है। जबकि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद चर्चा है कि यह मौत विषाक्त भोजन के चलते हुई है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कस्बा रबपुरा में रहने वाली एक महिला जिनकी उम्र 35 वर्ष है तथा उनके दो बच्चे आठ वर्षीय बेटी दीपांशी और 5 वर्षीय बेटा प्रिंस रविवार की रात को खाना खाकर सोने गए तभी उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें उल्टी आदि की शिकायत हुई। परिजनों द्वारा ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान सोमवार को 8 वर्षीय बच्ची दीपांशी तथा 5 वर्षीय बच्चा प्रिंस की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि बच्चों की मौत क्यों हुई है।

उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों ने किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों से इनकार किया है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के चलते क्षेत्र में चर्चा है कि महिला की मौत फूड प्वाइजनिंग के चलते हुई है। वहीं पुलिस अधिकारी के अनुसार महिला का तीन दिन पहले एक अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ वहां पर थे। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि आपरेशन के दौरान कहीं अस्पताल में कोई इंफेक्शन तो नहीं हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story