मुरादाबाद में 3100 से अधिक फर्म और फैक्टरियां, फायर एनओसी सिर्फ 1055 के पास

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में 3100 से अधिक फर्म और फैक्टरियां, फायर एनओसी सिर्फ 1055 के पास


बिना एनओसी के चल रहे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध होगी कड़ी कार्रवाई : मुख्य अग्निशमन अधिकारी

मुरादाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में अग्निशमन विभाग के मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण जिलेभर में संचालित 3100 से अधिक फर्म और फैक्टरियों में से सिर्फ 1055 इकाइयों के पास फायर एनओसी है। यानि करीब दो हजार फर्म और फैक्ट्रियां बिना फायर एनओसी के ही चल रही हैं। हैरानी की बात यह है कि कई फर्म और फैक्टरियां घनी आबादी, संकरी गलियों और रिहायशी इलाकों में संचालित हो रही हैं।

मुरादाबाद महानगर के थाना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला सागर सराय बुध बाजार में 5 दिन पूर्व शुक्रवार रात्रि मोमबत्ती फैक्टरी व गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आग के कारण सैकड़ों लोगों की जिंदगी खतरे में पकड़ गई थी और फर्म मालिक के अलावा आस-पड़ोस के लोगों का लाखों रुपये का नुकसान हो गया। भीषण आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को दस घंटे का समय लगा था। इस घटना ने शहर में औद्योगिक सुरक्षा की कमी और नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

ऐसी ही कई फैक्टरी, फर्म शहर में अलग-अलग मोहल्लों में चल रही हैं। जानकारी के मुताबिक, 3100 से अधिक प्रतिष्ठानों में से 1055 के पास फायर एनओसी है अन्य फर्म और फैक्टरी बिना फायर एनओसी के चल रही हैं। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि इन फैक्ट्रियों में आग लगने की स्थिति में बचाव और निकासी के पर्याप्त उपाय नहीं हैं। असुरक्षित परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों और आसपास रहने वाले लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है। तंग गली होने के कारण इन फर्मों तक फायर गाड़ियां भी नहीं पहुंच पाएंगी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडे ने बुधवार को बताया कि बिना फायर एनओसी के चल रही फर्म व फैक्ट्रियों का पता लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। जो भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बिना एनओसी के चलता मिला उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story