भारत कृषि सम्मेलन में यूपी के 200 से अधिक किसानों ने लिया हिस्सा : राघवेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
भारत कृषि सम्मेलन में यूपी के 200 से अधिक किसानों ने लिया हिस्सा : राघवेंद्र सिंह


कानपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत कृषि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के 200 से अधिक किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की तकनीकों और कृषि के नए तौर-तरीकों की जानकारी हासिल की। दो दिवसीय सम्मेलन में किसानों को प्राकृतिक खेती, ड्रोन तकनीक, महिला उद्यमिता और उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के विचार जानने का अवसर मिला। यह जानकारी गुरुवार को आईसीएआर-अटारी कानपुर के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि 11 और 12 नवंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अटारी कानपुर ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। सम्मेलन की थीम 'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' रखी गई थी। इसमें प्रदेश के बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतम बुद्ध नगर स्थित चार कृषि विज्ञान केंद्रों से 50-50 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन का आयोजन एक मीडिया समूह ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहयोग से किया। इसका उद्देश्य खेती को आधुनिक तकनीक और नए अनुसंधानों से जोड़ना, कृषि उत्पादकता बढ़ाना और किसानों की आमदनी में इजाफे के रास्ते तलाशना था।

दो दिनों तक चले आयोजन में देश-विदेश के कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और प्रगतिशील किसानों ने खेती से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्राकृतिक खेती, किसानों की आर्थिक समृद्धि, कृषि क्षेत्र में महिलाओं की उद्यमिता, ड्रोन तकनीक, उर्वरक के मामले में आत्मनिर्भरता और संतुलित उर्वरक उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने उन्नत बीज, जल प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन से कृषि क्षेत्र के सामने खड़ी चुनौतियों पर भी विचार रखे।

सम्मेलन के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नियत, विस्तार और रफ्तार: भारत के कृषि भविष्य की नई दिशा' विषय पर संबोधन दिया और किसानों से संवाद किया। डॉ. राघवेंद्र सिंह के अनुसार, सम्मेलन में शामिल किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधान, आधुनिक तकनीकों, सफल कृषि मॉडल और भविष्य की कृषि योजनाओं को समझने का अवसर मिला। इससे उन्हें खेती में नए प्रयोग अपनाने और उत्पादन व आय बढ़ाने की दिशा में उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776141 Articles

Share this story