मुरादाबाद : सुबह से शाम तक हुई बूंदाबांदी ने भीषण गर्मी से दिलाई कुछ निजात

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : सुबह से शाम तक हुई बूंदाबांदी ने भीषण गर्मी से दिलाई कुछ निजात


मौसम विशेषज्ञ बोले, गुरुवार और शुक्रवार को होगी मुरादाबाद में अच्छी बारिश

मुरादाबाद, 30 जून (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में मंगलवार सुबह बूंदाबांदी शुरू हो गई जो रुक रुक कर शाम तक जारी रही। इस बारिश से जिले में मौसम का मिजाज बदल गया। आज दिन भर सूरज देवता के दर्शन नहीं होने से भी गर्मी से काफी हद तक लोगों को राहत मिली। बीते एक पखवाड़े से मुरादाबाद जनपद में भीषण गर्मी जारी थी। जिसके कारण मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार मंगलवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। जो बीते एक सप्ताह में औसत तापमान से 6-6 डिग्री कम है।

मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि नौतपा समाप्त होने के बाद 10 जून से मुरादाबाद में गर्मी का पर दिन प्रतिदिन बढ़ता चला जा रहा था जो अधिकतम 42 डिग्री तक पहुंचा। अप्रैल और मई माह में कई दफा हुई बारिश से इस बार मानसून 10 दिन आगे खिसक गया, ज्यादातर 21-22 जून के बाद मानसून प्रारंभ हो जाता है।

उन्होंने आगे बताया कि बुधवार को भी मुरादाबाद में बादल छाए रहेंगे हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को मुरादाबाद में अच्छी बारिश होगी। इस बारिश से भीषण गर्मी झेल रहे पीतल नगरीवासियों को बहुत अधिक राहत तो नहीं मिलेगी लेकिन फिर भी इस बारिश से मौसम का मिजाज काफी बदल गया है। मानसून की बारिश जुलाई माह के दूसरे सप्ताह से प्रारंभ होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story