पारंपरिक हुनर, हस्तशिल्प को नई पहचान देगा मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026 : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
पारंपरिक हुनर, हस्तशिल्प को नई पहचान देगा मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026 : जिलाधिकारी


उत्तर प्रदेश, 25 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुनय झा ने बुधवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि

मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक युवा केंद्र, साईं मंदिर रोड, दीनदयाल नगर में भव्य आयोजन होगा। यह

खादी महोत्सव जनपद के पारंपरिक हुनर, हस्तशिल्प, खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को नई पहचान देगा।

जिलाधिकारी में आगे कहा कि ग्रामीण कारीगरों और उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026’ आयोजित हो रहा है। 10 दिवसीय यह भव्य महोत्सव 5 दिसंबर 2026 तक युवा केंद्र, साईं मंदिर रोड, दीनदयाल नगर, मुरादाबाद में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में परंपरा, आधुनिकता, स्वदेशी उत्पाद और आत्मनिर्भरता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर से आए कुशल कारीगर, बुनकर एवं ग्रामोद्योग उद्यमी अपने उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के छोटे कारीगरों एवं उद्यमियों को सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि महोत्सव में आगंतुकों को एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी), खादी, हस्तशिल्प एवं माटी कला से जुड़े विविध उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इनमें बनारस की प्रसिद्ध सिल्क साड़ियां, लखनऊ की चिकनकारी, भदोही के कालीन, उत्तराखंड के ऊनी एवं गर्म वस्त्र, कश्मीरी पश्मीना तथा सूती एवं रेशमी खादी के कुर्ते-पायजामे, सदरी और लोई प्रमुख आकर्षण होंगे।

माटी कला के अंतर्गत आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी, गोरखपुर का टेराकोटा सहित कुल्हड़, सुराही, मटके, तवा, हांडी, चाय के कप-प्लेट, गमले, गुल्लक, डिजाइनर दीये, झूमर एवं आकर्षक शो-पीस उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा मुरादाबाद के प्रसिद्ध पीतल उत्पाद, सहारनपुर का नक्काशीदार लकड़ी का फर्नीचर, खुर्जा की पॉटरी, फिरोजाबाद के कांच के उत्पाद, कानपुर एवं आगरा के चमड़े के उत्पाद तथा राजस्थान की जूतियां भी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे

खाद्य एवं सुगंधित उत्पादों में कन्नौज का प्राकृतिक इत्र, हाथरस की हींग, अचार एवं मुरब्बा, बीकानेरी नमकीन एवं पापड़, उत्तराखंड की पहाड़ी दालें, मंडुआ, शुद्ध शहद तथा आयुर्वेदिक एवं हर्बल सौंदर्य उत्पाद भी उपलब्ध रहेंगे।

खादी उत्पादों पर 20 से 40 प्रतिशत तक विशेष छूट : महोत्सव में आमजन को स्वदेशी एवं खादी उत्पादों की खरीद के लिए प्रोत्साहित करने हेतु खादी के वस्त्रों एवं उत्पादों पर 20 से 40 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। वहीं माटी कला, ग्रामोद्योग एवं अन्य हस्तशिल्प उत्पादों की खरीद पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी प्राप्त किया जा सकेगा।

प्रतिदिन होगी रंगारंग सांस्कृतिक संध्या : महोत्सव में खरीदारी के साथ-साथ प्रतिदिन संध्याकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा लोकगीत एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे आगंतुकों को भारतीय लोक संस्कृति एवं परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story