हड्डियों और जोड़ों की बीमारियों के लिए मासिक हेल्थ कैंप शुरू, अत्याधुनिक ट्रॉमा एवं क्रिटिकल केयर विभाग का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
हड्डियों और जोड़ों की बीमारियों के लिए मासिक हेल्थ कैंप शुरू, अत्याधुनिक ट्रॉमा एवं क्रिटिकल केयर विभाग का शुभारंभ


कानपुर, 15 जून (हि.स.)। आर्थराइटिस और हड्डियों से जुड़ी बीमारियों की समय पर पहचान तथा सही उपचार से मरीज बेहतर और सक्रिय जीवन जी सकते हैं। हमारा प्रयास लोगों को शुरुआती अवस्था में ही विशेषज्ञ परामर्श और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह बातें सोमवार को वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. रवि गर्ग ने कहीं।

उजाला सिग्नस नोबल हॉस्पिटल, कानपुर ने मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मासिक आर्थराइटिस एवं बोन हेल्थ कैंप तथा अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर एवं ट्रॉमा इमरजेंसी विभाग का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल जैन ने किया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मासिक आर्थराइटिस एवं बोन हेल्थ कैंप प्रत्येक माह के दूसरे सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। इस पहल का नेतृत्व डॉ. रवि गर्ग करेंगे। कैंप के माध्यम से आर्थराइटिस, ऑस्टियोपोरोसिस, जोड़ों के दर्द, स्पोर्ट्स इंजरी और हड्डियों से जुड़ी अन्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श, प्रारंभिक जांच और उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

डॉ. रवि गर्ग ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती उम्र के साथ हड्डियों और जोड़ों से संबंधित बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करना और समय रहते उचित चिकित्सा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

अस्पताल ने इसी अवसर पर अपने अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर एवं ट्रॉमा इमरजेंसी विभाग की भी शुरुआत की। इस विभाग का नेतृत्व डॉ. सचिन मिश्रा करेंगे। विभाग अत्याधुनिक उपकरणों, प्रशिक्षित विशेषज्ञों और चौबीसों घंटे उपलब्ध आपातकालीन सेवाओं से सुसज्जित है।

डॉ. सचिन मिश्रा ने कहा कि गंभीर दुर्घटनाओं और मेडिकल इमरजेंसी के मामलों में शुरुआती समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। नया विभाग मरीजों को तत्काल और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य गोल्डन ऑवर के दौरान प्रभावी उपचार सुनिश्चित कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है।

कार्यक्रम में रोहित शुक्ला, डॉ. काशिफ, चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संस्थान निरंतर कार्य करता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story