शादी के लिए जोड़े पैसे आग में जले
लखीमपुर खीरी, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जनपद के फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के जोधपुर गांव में बीती रात रविवार काे करीब सवा 11 बजे एक झोपड़ी में आग लग गई। इस घटना में मुन्ना लाल पुत्र सरजू की 20 हजार रुपये नकद और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित मुन्ना लाल ने साेमवार काे बताया कि उन्होंने वैवाहिक तैयारियों के लिए यह नकदी निकाली थी, जो आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई। आग से उनकी भैंस भी झुलस गई। इस सूचना के मिलने पर आज सुबह क्षेत्रीय लेखपाल राजीव कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग से हुए नुकसान का आकलन किया और इसकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।
लेखपाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाने के लिए प्रयास कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

