जावेद अली खान के बयान पर मोहसिन रजा का पलटवार, सपा से सांसद होना हिन्दुस्तान के बहुसंख्यक हिन्दू की देन
लखनऊ, 15 जून (हि.स.)। जहरीले कौन है ये बयान से साबित होता है। जिस तरह से समाजवादी पार्टी (सपा) जहर पूर्व में उगलती रही है। बहुसंख्यक हिन्दू न होते तो इनके जैसे नेताओं का नाम लेने वाला ना होता पूरी दुनिया में। आज हिन्दुस्तान में सपा के सांसद हो गए हैं, ये बहुसंख्यक हिन्दुओं की देन है। इन्हें शर्म आनी चाहिए जो इस तरह से बयान दे रहे हैं। यह बातें पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता मोहसिन रजा ने सोमवार को जारी बयान में सपा से राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के हिन्दुओं पर दी गई आपत्तिजनक टिप्पणी 'हिन्दु जहरीले' हो गए हैं वाले बयान पर पलटवार करते हुए दी।
मोहसिन रजा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों की प्रवृत्ति ऐसी है कि इन्होंने निहत्थे कारसेवकों और श्रद्धालुओं पर गोली चलवाई थी। ये देश की जनता भूल नहीं सकती है। उन्होंने कहा कि हम लोग वो हैं जिन्होंने न्यायालय के आदेश पर भव्य राम मंदिर बनाकर देश को समर्पित किया। हमने आस्था का भी सम्मान किया और जिन्होंने बलिदान दिया था उनकी श्रद्धांजलि में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ।
पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के ऐसे नेता गजवा-ए-हिन्द की सोच वाले लोग हैं। ये भारत की सोच वाले लोग नहीं है। भारत में संस्कार हैं। गजवा-ए-हिन्द में संस्कार नहीं हो सकतें। उन्होंने कहा कि 2027 में ऐसे समाजवादी लोगों को प्रदेश की जनता फिर से नकारते हुए तीसरी बार उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने वाली है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

