प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने की अपील से सर्राफा कारोबार पर संकट : पवन गुप्ता
कानपुर, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोना न खरीदने की अपील का सीधा असर सर्राफा व्यापार पर पड़ेगा। इससे लाखों व्यापारियों, कर्मचारियों और कारीगरों की रोजी-रोटी संकट में आ जाएगी। क्या अब लोग शादी-विवाह में मंगलसूत्र भी नहीं खरीदेंगे। यह बातें मंगलवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने चौक सर्राफा बाजार में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कहीं।
कानपुर महानगर कांग्रेस ने पवन गुप्ता की अगुआई में चौक सर्राफा बाजार में हाथों में कटोरा लेकर पदयात्रा निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगकर सराफा कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता और नाराजगी को सामने रखा। प्रदर्शन के दौरान बाजार के कई व्यापारियों ने भी अपनी दुकानों पर कटोरा रखकर विरोध दर्ज कराया। कुछ व्यापारियों ने कटोरे में सिक्के डालकर यह संदेश देने की कोशिश की कि यदि इसी तरह व्यापार प्रभावित होता रहा तो सराफा कारोबार से जुड़े लोगों को भीख मांगने की नौबत आ सकती है।
पवन गुप्ता ने कहा कि सर्राफा व्यापार केवल सोना-चांदी बेचने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे लाखों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारी, छोटे व्यापारी, डिजाइन तैयार करने वाले कारीगर और अन्य श्रमिक पूरी तरह इस कारोबार पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग सोना-चांदी की खरीदारी कम करेंगे तो इसका सबसे अधिक असर मध्यम और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।
राजेंद्र मिश्रा बब्बू ने कहा कि सरकार को ऐसी अपीलों और नीतियों से बचना चाहिए जिनसे व्यापार और रोजगार पर नकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों का समाधान व्यापारिक गतिविधियों को कमजोर करके नहीं निकाला जा सकता। कांग्रेस ने मांग की कि केंद्र सरकार सर्राफा व्यापारियों, कर्मचारियों और कारीगरों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों, कर्मचारियों और कारीगरों के सम्मान और रोजगार की लड़ाई लगातार उठाती रहेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

