मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के उत्कर्ष और वैश्विक प्रतिष्ठा के स्वर्णिम वर्ष : योगेन्द्र उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के उत्कर्ष और वैश्विक प्रतिष्ठा के स्वर्णिम वर्ष : योगेन्द्र उपाध्याय


कानपुर, 04 जून (हि.स.)। बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वैश्विक मंच पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। केंद्र सरकार की योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बातें गुरुवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं कानपुर के प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहीं।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कानपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि भारत आज आर्थिक दृष्टि से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका लगातार मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे फैसलों ने देश की सुरक्षा नीति को मजबूती दी है और दुनिया में भारत का प्रभाव बढ़ाया है।

मंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के पुनर्विकास सहित कई धार्मिक स्थलों के विकास से सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, हवाई अड्डों और रेलवे अवसंरचना के विस्तार से देश के आधारभूत ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है।

योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डिजिटल भुगतान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जन-धन योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को सीधा लाभ पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत का व्यापक कायाकल्प हुआ है और देश विकास, सुशासन तथा जनकल्याण के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर एमएलसी सलिल बिश्नोई, विधायक नीलिमा कटियार, भाजपा जिला अध्यक्ष (उत्तर) अनिल दीक्षित, भाजपा जिला अध्यक्ष (दक्षिण) शिवराम सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) उपेंद्र पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story