मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, सेवा और सुशासन के प्रतीक : केंद्रीय मंत्री ताेखन साहू
गोरखपुर, 17 जून (हि.स.)। केंद्र की माेदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम गाेरखपुर द्वारा बुधवार काे लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित जनकल्याणकारी विकास प्रदर्शनी का केंद्रीय मंत्री ताेखन साहू ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्हाेंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और कहा कि माेदी सरकार ने 12 सालाें में देश की ऐतिहासिक प्रगति की है।
प्रदर्शनी स्थल पर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन—से संबंधित विस्तृत जानकारी स्टॉलों के माध्यम से आमजन को दी जा रही है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम लोगों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करना और पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराना है। यह प्रदर्शनी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ताेखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के विकास, जनसेवा और सुशासन को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है, वहीं दूसरी ओर गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि धारा 370 का हटाया जाना देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम रहा। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा का अंत, नागरिक संशोधन कानून लागू करना—ये सभी निर्णय देश के सामाजिक और संवैधानिक ढांचे को मजबूत करने वाले हैं। साथ ही वर्षों से विस्थापित लोगों को नागरिकता देकर उन्हें सम्मानजनक जीवन देने का कार्य भी सरकार ने किया है।
कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता है और इस तरह की प्रदर्शनी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह और सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने भी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी दीपक मीणा नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक संदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के सफल आयोजन को लेकर नगर निगम और संबंधित विभागों द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

