मोदी सरकार के 12 वर्ष : 'नागरिक देवो भवः’ के मंत्र को समर्पित सुशासन के स्वर्णिम वर्ष : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष : 'नागरिक देवो भवः’ के मंत्र को समर्पित सुशासन के स्वर्णिम वर्ष : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सुशासन, जनकल्याण और नागरिक सशक्तिकरण के अभूतपूर्व कालखंड के रूप में दर्ज हुए हैं। इन वर्षों में सरकार की प्रत्येक नीति और योजना के केंद्र में देश का सामान्य नागरिक रहा है। ‘नागरिक देवो भवः’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए शासन व्यवस्था को नागरिकों की सुविधा, सम्मान और विश्वास के अनुरूप बनाया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने आवास पर जनता दर्शन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एक समय था जब सामान्य नागरिक को सरकारी सेवाओं और सुविधाओं के लिए लंबी प्रक्रियाओं, अनावश्यक भागदौड़ और प्रतीक्षा का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन करते हुए तकनीक आधारित, पारदर्शी और जनहितकारी शासन व्यवस्था को मजबूत किया। आज सरकार की सोच ‘व्यवस्था की सुविधा’ से आगे बढ़कर ‘नागरिक की सुविधा’ पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से रू 51 लाख करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंचाई गई है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई और सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र नागरिकों तक पहुंचा है। आयकर में राहत, आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी पहलों ने करोड़ों परिवारों के जीवन को सरल और सुरक्षित बनाया है।

मौर्य ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने नागरिक सेवाओं को नई गति दी है। आज प्रतिदिन लगभग 66 करोड़ यूपीआई लेनदेन, 103 करोड़ से अधिक इंटरनेट कनेक्शन और 98 प्रतिशत गांवों तक 4जी कनेक्टिविटी डिजिटल सशक्तिकरण की सफलता को दर्शाती है। डिजिलॉकर और उमंग जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म ने सरकारी सेवाओं को नागरिकों की हथेली तक पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक परिवहन सुविधाओं ने भी नए भारत की तस्वीर बदली है। वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, उड़ान योजना और दुनिया के तीसरे सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क का विकास नागरिकों की यात्रा को अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बना रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के वर्ष हैं। आज का भारत ऐसा भारत है, जहां तकनीक सशक्तिकरण का माध्यम बनी है और सरकार की योजनाएं अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। सक्षम मध्यम वर्ग, आत्मविश्वासी नागरिक और जनभागीदारी आधारित सुशासन विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘नागरिक देवो भवः’ की भावना के साथ आगे बढ़ रही सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुविधा और अवसर मिले तथा भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़े।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story