जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में आधुनिक ईएनटी सुविधाओं की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में आधुनिक ईएनटी सुविधाओं की शुरुआत


कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। नई तकनीक और स्पेशलिटी क्लिनिक शुरू होने से कानपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर, सुलभ और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध होगा। इससे जटिल रोगों की जांच और इलाज पहले की तुलना में अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। यह बातें गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल काॅलेज (जीएसवीएम) के ईयर, नोज एंड थ्रोट (ईएनटी) विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. हरेंद्र कुमार गौतम ने मंगलवार को विभाग में शुरू की गई नई स्वास्थ्य सुविधाओं के उद्घाटन के अवसर पर कहीं।

ईएनटी विभाग में मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्पेशलिटी क्लिनिक, पोर्टेबल एंडोस्कोपी यूनिट और अत्याधुनिक ईएनटी ओपीडी यूनिट का शुभारंभ किया गया। नई सुविधाओं के शुरू होने से विभाग में रोगों की जांच, निदान और उपचार पहले की तुलना में अधिक आधुनिक और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

विभाग को पोर्टेबल एंडोस्कोपी यूनिट गणेशा ईकोस्फीयर लिमिटेड की ओर से भेंट की गई है। इस उपकरण की मदद से अब ऐसे मरीजों की भी एंडोस्कोपिक जांच संभव होगी, जो किसी कारणवश ईएनटी ओपीडी तक नहीं पहुंच पाते या अस्पताल के अन्य वार्डों में भर्ती हैं। चिकित्सक उनके बेडसाइड पर ही जांच कर सकेंगे, जिससे समय पर बीमारी का पता लगाकर उपचार शुरू किया जा सकेगा।

विभाग में स्थापित नई ईएनटी ओपीडी यूनिट में माइक्रोस्कोप, एंडोस्कोप, सक्शन और एक्स-रे व्यूइंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं। इससे मरीजों की विस्तृत और सटीक जांच करने में चिकित्सकों को सुविधा मिलेगी तथा उपचार की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। इसके साथ ही विभाग में ओटोलॉजी, राइनोलॉजी और हेड एंड नेक स्पेशलिटी क्लिनिक भी शुरू किए गए हैं।

ये क्लिनिक क्रमशः मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को सुबह नौ बजे से ग्यारह बजे तक संचालित होंगे। इनमें संबंधित रोगों के जटिल मामलों की विशेषज्ञ स्तर पर जांच कर मरीजों को परामर्श और उन्नत उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला, उप-प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा गिरी, एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल, मुख्य अतिथि भरत कुमार सजनानी तथा विशिष्ट अतिथि अजय खन्ना ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ईएनटी विभाग के डॉ. एस. के. कनौजिया, डॉ. निशांत सौरभ सक्सेना, डॉ. अमृता श्रीवास्तव, डॉ. पवन कौल, डॉ. आस्था सिंह, डॉ. रुचिका, डॉ. काजी साकिब, डॉ. भविष्य पटेल सहित विभाग के वरिष्ठ एवं जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक तथा अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story