इविवि में युवाओं के लिए बना मॉडल पोस्ट ऑफिस
--कुलपति ने किया इविवि नेक्स्ट जेन सब पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन
प्रयागराज, 24 मार्च (हि.स)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सीनेट परिसर स्थित नेक्स्ट जेन सब पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने मंगलवार को किया। इस दौरान उन्होंने सब पोस्ट ऑफिस के माध्यम से छात्रों, कर्मचारियों और पुरा छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सब पोस्ट ऑफिस के ‘‘चाय एंड चिट्ठी‘‘ कैफे का निरीक्षण किया और वहां मिलने वाली सुविधाओं को देखा। भारतीय पोस्ट विभाग की ओर से इविवि के सब पोस्ट ऑफिस में खोले गए ‘चाय एंड चिट्ठी’ कैफे एक नया अनुप्रयोग है। जिसमें पोस्ट आफिस की सुविधाओं के साथ ही लोगों को सस्ती दर पर काफी मिलेगी और साथ ही किताबें भी पढ़ने को उपलब्ध रहेंगी।
--युवाओं के लिए मॉडल पोस्ट ऑफिस बनाइविवि की पीआरओ प्रो जया कपूर ने बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मॉडल पोस्ट ऑफिस नई पीढ़ी के युवाओं को ध्यान में रखकर खोला गया है। इसमें युवाओं को सभी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गईं हैं। इस पोस्ट ऑफिस में पोस्टल के साथ सेविंग बैंक, आरडी, और कम दर में जीवन बीमा पॉलिसी जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। मॉडल पोस्ट ऑफिस में यूपीआई सहित सभी ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा भी शुरू हो गई है।
--आधार भी बनेंगे इलाहाबाद विश्वविद्यालय नेक्स्ट जेन सब पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड संबंधी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। ताकि विश्वविद्यालय के छात्रों को पूरी सुविधाएं कैंपस में ही दी जा सकेें। अब विद्यार्थी, कर्मचारी और पुराछात्र कैंपस स्थिति सब पोस्ट ऑफिस से ही आधार बनवा और अपडेट करवा सकेंगे।
--चाय एंड चिट्ठी कैफे में पुस्तकें पढ़ने को मिलेंगी इलाहाबाद विश्वविद्यालय नेक्स्ड जेन सब पोस्ट ऑफिस के सब पोस्ट मॉस्टर आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यहां कॉफी का आनंद लेने के दौरान विद्यार्थी किताबें भी पढ़ सकेंगे। इसके लिए कोई अलग से पैसे नहीं देने होंगे।
इस मौके पर डीन कला संकाय प्रो. अनुराधा अग्रवाल, डीन विज्ञान संकाय प्रो. एसआई रिजवी, डीन छात्र कल्याण प्रो. एनके शुक्ल, रजिस्ट्रार प्रो. आशीष खरे, कुलानुशासक डा. अतुल नारायण सिंह सहित सभी विभागों के अध्यक्ष मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

