त्रिशुंडी में मॉडल पुलिस चौकी का हुआ शुभारंभ, औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती
अमेठी, 23 मार्च (हि.स.)। अमेठी जनपद के रामगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र त्रिशुंडी में सोमवार की शाम को नवनिर्मित मॉडल पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने फीता काटकर चौकी का लोकार्पण किया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
उद्घाटन समारोह के दौरान मीडिया से वार्ता करते हुए एसपी ने कहा कि इस मॉडल पुलिस चौकी के शुरू होने से औद्योगिक क्षेत्र त्रिशुंडी की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि अब क्षेत्र में पुलिस की गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ेगी, जिससे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने विशेष रूप से सुल्तानपुर–प्रयागराज मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मार्ग पर पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत होना बेहद आवश्यक था, जिसे यह चौकी पूरा करेगी। एसपी ने आगे कहा कि यह मॉडल चौकी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और यहां तैनात पुलिसकर्मी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तत्पर रहेंगे। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आमजन में सुरक्षा का भाव भी मजबूत होगा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक, व्यापारी, उद्योगपति एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान एसपी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चौकी जनपद के विकास और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

